अनवर पठान
फर्रुखाबाद (राष्ट्र पटल)। शहर के थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जसई तिराहा-कायमगंज मार्ग पर एक अनियंत्रित ई-रिक्शा के पलटने से उसमें सवार आठ वर्षीय छात्रा तेजस्वी उर्फ पंछी की दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी मां इस हादसे में घायल हो गईं।
नानी के घर जाने के लिए निकली थी मासूम जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला बजरिया मौलवी बदन खां (जज साहब की कोठी के पास) निवासी आनंद श्रीवास्तव की सबसे छोटी बेटी तेजस्वी अपनी मां शिल्पी के साथ रेलवे स्टेशन जा रही थी। उन्हें वहां से ट्रेन पकड़कर कन्नौज अपनी नानी के घर जाना था। दोपहर करीब 2:30 बजे उनका ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कक्षा 2 की छात्रा तेजस्वी ई-रिक्शा के नीचे दब गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
चाचा ने अस्पताल पहुँचाया, पर बच न सकी जान घटनास्थल के पास ही पूड़ी-कचौड़ी की दुकान चलाने वाले तेजस्वी के चाचा कन्हैया ने हादसे को अपनी आंखों से देखा। वे तुरंत भतीजी को लेकर एक निजी अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेजस्वी अपने भाई-बहनों (वंशिका, आशिक और आराफ़) में सबसे छोटी थी और पूरे मोहल्ले की लाडली थी। उसकी मौत की खबर से घर में मातम छा गया है।
पुलिस ने ई-रिक्शा कब्जे में लिया हादसे के बाद चालक ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर रायपुर चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार यादव और कांस्टेबल संदीप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर (लिखित शिकायत) नहीं मिली है। रिश्तेदारों के आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के बाद क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चलाया, जिसमें कई ई-रिक्शा और टेंपो चालकों के चालान काटे गए।






