September 12, 2026

एम0ए0 खान

रायबरेली (राष्ट्र पटल)। बछरावां थाना क्षेत्र के ग्राम नीवा में नववर्ष की रात घटित घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। गांव में बेजुबान सांड के साथ की गई नृशंसता के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना 5 जनवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने सांड को लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जब सांड दर्द से गिर पड़ा, तब भी उसके साथ मारपीट जारी रखी गई।तहरीर के अनुसार आरोपियों ने क्रूरता की सभी सीमाएं लांघते हुए सांड के लैट्रिन (मलद्वार) के रास्ते लाठी चला दी, जिससे पशु गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ अवस्था में पहुंच गया और उसकी हालत मरणासन्न हो गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पशु का वीडियो बनाया गया। बाद में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धर्मेन्द्र, ज्ञानेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह और अभिनव सिंह निवासी ग्राम नीवा थाना बछरावां के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने इस कृत्य को अमानवीय बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर दंड की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बेजुबानों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *