
एम0ए0 खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बिक्री के खिलाफ रायबरेली पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पहले ऊंचाहार थाना पुलिस द्वारा दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए डलमऊ थाना क्षेत्र से चार अतिरिक्त अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस तरह पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से मांझा बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 जनवरी 2026 को डलमऊ पुलिस टीम ने चाइनीज मांझा बेचने वालों पर छापा मारकर चार अभियुक्तों को रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों में
पिंटू गुप्ता पुत्र राम आसरे गुप्ता, शैलेश अग्रहरी पुत्र हीरालाल, पुष्पा देवी पत्नी राजेश गुप्ता, रेनू पत्नी दिनेश कुमार निवासी घुरवारा व जोहवा नटकी थाना डलमऊ शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 05 बड़े व 02 छोटे पैकेटों में कुल 30 रील चाइनीज मांझा तथा 45 अदद चाइनीज धागे बरामद किए हैं। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना डलमऊ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले ऊंचाहार थाना पुलिस ने भी चाइनीज मांझा बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि रायबरेली पुलिस अब इस जानलेवा कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझा से कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।






