
एम0ए0 खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जनपद की महिला मुख्य आरक्षी दीक्षा गुप्ता ने द्वितीय ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2025-26 में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल उत्तर प्रदेश पुलिस बल्कि पूरे रायबरेली जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 13 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 के बीच अमरावती, आंध्र प्रदेश में आयोजित हुई, जिसमें रायबरेली जनपद में नियुक्त दीक्षा गुप्ता ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 417.5 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से रायबरेली जनपद को देशभर में नई पहचान मिली है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ यश्वीर सिंह द्वारा महिला आरक्षी दीक्षा गुप्ता को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दीक्षा गुप्ता की यह उपलब्धि रायबरेली जनपद के लिए गौरव का विषय है और यह सिद्ध करती है कि जिले की बेटियां किसी भी राष्ट्रीय मंच पर पीछे नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सफलता जिले के युवाओं और पुलिस कर्मियों को खेलों एवं शारीरिक दक्षता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
महिला मुख्य आरक्षी दीक्षा गुप्ता की इस उपलब्धि से न केवल पुलिस विभाग बल्कि जनपद के खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है। उनकी यह सफलता रायबरेली जनपद की प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का प्रतीक बनकर उभरी है।






