रायबरेली (राष्ट्र पटल)। मकर संक्रांति के पर्व पर पुलिस द्वारा लगातार जांच-पड़ताल और सख्ती के दावों के बावजूद जिले में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा खुलेआम बिक रहा है। इसी जानलेवा मांझे की चपेट में आकर एक युवक का गला काफी गहराई तक कट गया। गंभीर हालत में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ पुल के पास की है। जानकारी के अनुसार बरवारीपुर गांव निवासी इरशाद खान किसी काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुल के पास अचानक चाइनीज़ मांझा उनके गले में उलझ गया, जिससे गला बुरी तरह कट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
आनन फानन घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद इरशाद को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। ईएमओ डॉ आतिफ के अनुसार गले में कट काफी गहरी थी और अधिक खून बह चुका था। समय पर अस्पताल पहुंचने से युवक की जान बच सकी। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मकर संक्रांति के दौरान चाइनीज़ मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि प्रतिबंधित मांझा अब भी बाजार में आसानी से उपलब्ध है। आम लोग इसकी कीमत अपनी जान देकर चुका रहे हैं। जनता ने प्रशासन से चाइनीज़ मांझे की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस जानलेवा मांझे से होने वाली घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *