
एम0ए0 खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। एसआईआर प्रक्रिया के तहत जनपद में मतदाता सूची को दुरुस्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में आज रविवार को एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बीएलओ आज सभी मतदान केंद्रों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने नाम की स्थिति स्वयं जांच सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने बताया कि जिन नागरिकों के नाम सूची में छूट गए हैं या जिनके नाम, पता, आयु आदि में कोई त्रुटि है, वे मौके पर ही संबंधित फार्म भरकर संशोधन या नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नजदीकी मतदाता केंद्र पर पहुंचकर ड्राफ्ट सूची अवश्य देखें और यदि कोई आपत्ति या सुधार आवश्यक हो तो तय समयसीमा के भीतर आवेदन करें। यह पहल आगामी चुनावों में हर पात्र नागरिक के मताधिकार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि समय रहते किए गए संशोधन एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिससे किसी भी मतदाता को वोट डालने से वंचित न होना पड़े।






