अकमल खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहेली की बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहीं बाइक सवार दो किशोरियां ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गईं। हादसे में एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह हादसा शिवगढ़ थाना क्षेत्र के सकतपुर गांव के पास हुआ। पंडित का पुरवा निवासी 16 वर्षीय लक्ष्मी और 17 वर्षीय सेजल आपस में सहेलियां थीं। दोनों अपनी एक कॉमन सहेली की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए बाइक से सकतपुर गांव जा रही थीं। गांव से पहले पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सेजल गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सेजल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, वहीं मृतका लक्ष्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






