WhatsApp Image 2026-01-29 at 8.53.01 PM

फर्रुखाबाद। लोहिया महिला अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब जूते पहनकर अंदर जाने से रोकने पर तीमारदारों ने एक मेल स्टाफ नर्स के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन आरोपी तब तक वहाँ से फरार हो चुके थे।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, शाहजहाँपुर जिले के रहने वाले एक नवजात को 26 जनवरी को पीलिया के इलाज के लिए अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बच्चे की माँ ‘कंगारू मदर केयर यूनिट’ में मौजूद थीं। इसी दौरान कुछ अन्य तीमारदार जूते पहनकर यूनिट के भीतर प्रवेश करने लगे।

टोका-टाकी पर भड़के तीमारदार
ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स संजय कुमार के अनुसार, जब गार्ड ने तीमारदारों को जूते पहनकर अंदर जाने से मना किया, तो वे बहस करने लगे। नर्स संजय कुमार ने भी जब सफाई और संक्रमण के खतरे का हवाला देते हुए उन्हें बाहर रुकने को कहा, तो आरोप है कि एक युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए डॉक्टरों को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।

पुलिस और प्रशासन का पक्ष
घटना के बाद कादरीगेट थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी से फोर्स अस्पताल पहुँची। पुलिस ने पीड़ित स्टाफ नर्स, डॉक्टरों और बच्चे की माँ के बयान दर्ज किए हैं।

कपिल कुमार (थानाध्यक्ष, कादरीगेट): उन्होंने बताया कि फिलहाल मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है, मामला तीखी बहस और कहासुनी का प्रतीत हो रहा है। जाँच जारी है।

डॉ. धीर सिंह (CMS, महिला अस्पताल): सीएमएस ने बताया कि वह घटना के समय मीटिंग में थे। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए थे। अब अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रहा है।

अस्पताल के संवेदनशील वार्ड में हुई इस घटना से स्वास्थ्य कर्मियों में रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *