IMG-20260202-WA0209

अकमल खान 

रायबरेली (राष्ट्र पटल)। ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फीनिक्स हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, रायबरेली द्वारा रविवार को कृष्णपुर ताला स्थित काका मार्केट कैंपस में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सम्राट मेडिकल स्टोर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

शिविर में फीनिक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं उनकी मेडिकल टीम ने मरीजों की निःशुल्क जांच की, चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर में आरएलसी लैब ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। इस दौरान करीब 700 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. इरशाद ने बताया कि शिविर में आने वाले अधिकांश मरीज गठिया रोग से पीड़ित पाए गए। वहीं महिलाओं में लिकोरिया (सफेद पानी की समस्या) तथा पैरों में ऐंठन की समस्या अधिक देखने को मिली। टीम में शामिल डॉ. सईद ने बताया कि लो बैक पेन (कमर दर्द) से पीड़ित मरीजों की संख्या भी काफी रही। इसके अलावा बुखार, सर्दी-खांसी, कमजोरी जैसे सामान्य रोगों के मरीज भी बड़ी संख्या में जांच के लिए पहुंचे।

डॉक्टरों ने सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं देने के साथ-साथ रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की विशेष रूप से जांच की गई।

स्थानीय लोगों ने फीनिक्स हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।

शिविर को सफल बनाने में डॉ. इरशाद, डॉ. सईद, डॉ. इकरार, अकरम, अनूप यादव, रोशनी यादव, रोशनी खान, मोनू यादव, मोहम्मद सुहैल, अनुपम सरोज, सूर्यपाल लोधी, श्री पाल लोधी, ऋषभ सिंह, आशीष सिंह एवं अजय बाजपेई सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *