WhatsApp Image 2026-02-04 at 4.17.59 PM

अकमल खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जिले में चल रही एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर एक बड़े और सुनियोजित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद जिले का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने बताया कि शहर के बूथ संख्या 166 पर लगभग 99 मतदाताओं के खिलाफ श्रीराम नामक व्यक्ति द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। जबकि ये सभी मतदाता उसी वार्ड में पैतृक रूप से निवासरत हैं और उन्होंने नियमानुसार अपने एसआईआर फॉर्म भी कंप्लीट किए थे।
आरोप है कि ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद इन मतदाताओं को बाहरी बताकर उनके नामों पर आपत्ति लगा दी गई। समाजवादी पार्टी का कहना है कि जिन मतदाताओं पर आपत्तियां की गई हैं, उनमें अधिकांश मुस्लिम समुदाय से हैं। सपा का आरोप है कि यह एक विशेष समुदाय को जानबूझकर टार्गेट कर मताधिकार से वंचित करने की साजिश है।
मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। बीएलओ द्वारा जब आपत्ति दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता को बुलाया गया तो वह उपस्थित नहीं हुआ। इतना ही नहीं, उसने यह तक कह दिया कि उसे इन आपत्तियों की कोई जानकारी नहीं है, जिससे पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे गंभीर और अहम तथ्य यह है कि जिन आपत्तियों को दर्ज कराया गया है, वे फार्म-7 प्रिंटेड हैं। फार्म में संबंधित व्यक्ति का नाम पहले से छपा हुआ है, जबकि आमतौर पर इस तरह के फॉर्म हाथ से भरकर जमा किए जाते हैं। प्रिंटेड फार्म-7 का इस्तेमाल यह साफ संकेत देता है कि पूरी प्रक्रिया पूर्व नियोजित और साजिश का हिस्सा है।
आपको बता दें कि यह मामला उस समय उजागर हुआ जब समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी से जुड़े पदाधिकारी मोहम्मद कैफ खान के नाम पर बीएलओ को आपत्ति प्राप्त कराई गई। जांच करने पर सामने आया कि इसी तरह करीब 99 मतदाताओं पर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष ने इस पूरे मामले के पीछे भारतीय जनता पार्टी की साजिश होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में इसी तरह हजारों मतदाताओं के नाम कटवाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। सपा ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।
इस दौरान विधायक श्याम सुंदर भारती, सपा नेता शशिकांत शर्मा, आफताब अहमद उर्फ रज्जू खान, श्रवण चौधरी, विजय यादव, मो फहीम, कैफ खान, श्रवण आजाद, फीरोज अहमद, बलराज यादव, राजेश मौर्य आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *