अकमल खान

रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से जिले का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके अगले ही दिन शनिवार को उन्होंने मीडिया कर्मियों के साथ संवाद बैठक कर कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी के सहयोग का आह्वान किया।

2015 बैच के आईपीएस अधिकारी रवि कुमार मूल रूप से बिहार प्रांत के वैशाली जनपद के निवासी हैं। इससे पूर्व वे सीतापुर, गाजियाबाद, जालौन और आगरा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न जनपदों में उनका कार्यकाल कानून-व्यवस्था के लिहाज से प्रभावशाली और लगभग विवाद रहित रहा है।

रायबरेली में तैनाती के बाद पुलिस अधीक्षक के सामने कई अहम चुनौतियां हैं। विशेष रूप से शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना, भारी वाहनों के अवैध संचालन पर रोक, सामाजिक संतुलन बनाए रखना, अवैध खनन, हरे पेड़ों की कटान, सट्टा बाजार, अवैध शराब की बिक्री, थानों पर फरियादियों की अनसुनी, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपने कार्यकाल में इन सभी विषयों पर सख़्ती से कार्य किया था और अपराधों को लेकर किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती थी। हालांकि, मातहत पुलिस कर्मियों पर उनकी सख़्ती का अपेक्षित प्रभाव पूरी तरह नहीं पड़ पा रहा था, जिसके चलते कुछ मामलों में अपराधों पर पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं हो सका।

अब नवागत एसपी रवि कुमार के सामने न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि मातहतों पर प्रभावी अनुशासन स्थापित करने की भी चुनौती है, ताकि छोटे-छोटे विवादों का निस्तारण थाना स्तर पर ही हो सके और फरियादियों को जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

मीडिया संवाद के दौरान इन सभी बिंदुओं पर पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकर्षित कराया गया। उम्मीद जताई जा रही है कि पूर्व कार्यकाल में एसपी कार्यालय की जो निष्पक्ष, नियमसंगत और सख़्त छवि बनी थी, वह आगे भी कायम रहेगी और किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव या विवाद से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली प्रभावित नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *