IMG-20260216-WA0276

डुमरियागंज में ‘नफरत मिटाओ–संविधान बचाओ पदयात्रा’ को मिला अभूतपूर्व जन समर्थन, जगह-जगह सांसद संजय सिंह का हुआ भव्य स्वागत

राष्ट्र पटल संवाद 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फैलाई जा रही नफरत की राजनीति के खिलाफ और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ सोमवार को सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में आयोजित आम आदमी पार्टी की ‘नफरत मिटाओ–संविधान बचाओ पदयात्रा’ में अभूतपूर्व जनसमर्थन उमड़ा। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ नेता संजय सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया। उमड़ी भीड़ ने साफ संकेत दिया कि जनता अब नफरत, विभाजन और उन्माद की राजनीति से तंग आ चुकी है और उसे संविधान, बराबरी और भाईचारे पर आधारित भारत चाहिए।

पदयात्रा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से नफरत की प्रयोगशाला में बदल दिया गया है। आए दिन भड़काऊ बयान और विभाजनकारी कार्यक्रम आयोजित कर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है। यह पदयात्रा उसी सुनियोजित नफरती राजनीति के खिलाफ जनजागरण का अभियान है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से चलेगा और चलेगा भी उसी रास्ते पर।

इस दौरान आप सांसद ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अब यहां की राजनीति नफरत के एजेंडे पर नहीं, बल्कि स्थानीय मुद्दों पर होगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और विकास पर जवाब देना होगा। अगर प्रशासन नफरती तत्वों को संरक्षण देगा तो आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष तेज करेगी।

आप सांसद ने बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इमरान लतीफ का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सफल इंजीनियरिंग करियर छोड़कर राजनीति में आए इमरान लतीफ लगातार क्षेत्र के बुनियादी सवाल उठा रहे हैं और नफरत की राजनीति से सीधी लड़ाई लड़ रहे हैं। यही आम आदमी पार्टी की पहचान है—जमीन से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष।

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हितों को अमेरिका और ट्रंप के सामने गिरवी रखने का काम किया है। आम आदमी पार्टी ने इसी मुद्दे पर पूरे उत्तर प्रदेश में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। आत्मनिर्भर भारत के नारे से देश नहीं बचेगा, देश तब बचेगा जब युवाओं को रोजगार मिलेगा, किसानों को उनका हक मिलेगा और गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने की जगह उन्हें सुरक्षा और सम्मान दिया जाएगा। आज किसान, नौजवान, माताएं-बहनें—सबका हक मारा जा रहा है और भाजपा सरकार तमाशा देख रही है।

संजय सिंह ने कहा कि ‘नफरत मिटाओ–संविधान बचाओ पदयात्रा’ शांति, भाईचारे और देश की एकता को समर्पित है। आम आदमी पार्टी संविधान की रक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *