
अकमल खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार विरोध की आवाज़ को दबाने के लिए असंवैधानिक तरीकों और पुलिस का सहारा ले रही है।
जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि 22 फरवरी 2026 को रायबरेली यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित मौर्य को दिल्ली पुलिस के पांच सादे कपड़ों में आए व्यक्तियों ने बिना किसी ठोस कारण या दस्तावेज़ के उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस का कहना है कि यह सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के गिरफ्तारी संबंधी निर्देशों का खुला उल्लंघन है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि संवैधानिक दायरे में विरोध करने पर भाजपा सरकार उनकी आवाज कुचलने का प्रयास कर रही है। दिल्ली में ‘भारत मंडपम AI समिट’ के दौरान विरोध प्रदर्शन के नाम पर कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा कथित रूप से फर्जी तरीके से गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस ने एपिस्टिन फाइल्स और ट्रेड डील जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को शर्मनाक बताया है। कांग्रेस ने मांग की है कि मोहित मौर्य सहित सभी गिरफ्तार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए। सरकार को विपक्ष के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया छोड़ने के निर्देश दिए जाएं। लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिशों पर रोक लगाई जाए।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, विजय शंकर अग्निहोत्री, शैलजा सिंह, आशीष द्विवेदी, अजीत सिंह, अशरफ खान और अन्य प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।






