
इटावा में 18 अस्पताल चयनित
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए बताया गया कि पूर्व की अपेक्षा दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या में कमी आई है, जो सकारात्मक संकेत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर बनाए गए सभी अवैध कट तत्काल समाप्त किए जाएं तथा सर्विस रोड के किनारे रखे गए सामान को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी फेटल (गंभीर) सड़क दुर्घटना की सूचना रियल टाइम में सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए तथा इसके लिए समिति के सभी सदस्यों का एक समन्वय समूह बनाया जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे बैरियर, प्रकाश व्यवस्था आदि सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अंडरपासों की नियमित सफाई एवं सौंदर्यीकरण कर उन्हें सुरक्षित एवं उपयोगी बनाए रखने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने सड़कों एवं चौराहों पर अतिक्रमण की प्रवृत्ति को गंभीर समस्या बताते हुए निर्देश दिए कि तिराहों एवं चौराहों पर रोडवेज बसों का अनावश्यक ठहराव न किया जाए। बसों के निर्धारित स्टॉपेज एवं पिकअप प्वाइंट तय किए जाएं तथा सवारियां केवल बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन से ही बैठाई जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। अन्य डिपो की बसों के अनियंत्रित रूप से शहर में प्रवेश पर भी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का चिन्हित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराया जाएगा तथा गंभीर स्थिति में अधिकतम ₹1.5 लाख तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। गोल्डन आवर के दौरान कोई भी नागरिक घायल व्यक्ति को निकटतम निजी अथवा सरकारी अस्पताल तक पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित करा सकता है।
जनपद के कुल 18 अस्पताल उक्त योजना से संबद्ध हैं, जहां सड़क दुर्घटना में घायलों का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा- सी0एच0सी0 भरथना, जे0के0 हॉस्पिटल इटावा, यू0पी0यू0एम0एस0 सैफई, सी0एच0सी0 सरसई नावर, डॉ0 भीमराव अंबेडकर कंबाइंड हॉस्पिटल पुरूष इटावा, जी0एल0पी0 हॉस्पिटल, कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर जसवंतनगर, सी0एच0सी0 उदी, सी0एच0सी0 महेवा, सी0एच0सी0 बसरेहर, सी0एच0सी0 राजपुर, सी0एच0सी0 सैफई, जिला महिला अस्पताल, दिव्यांशी हॉस्पिटल, स्वधा हॉस्पिटल, सिया देवी मेमोरियल हॉस्पिटल, मदन हॉस्पिटल।
उक्त बैठक के दौरान एस0पी0 सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, ए0आर0टी0ओ0 प्रदीप देशमणि, यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






