IMG-20260309-WA0226

UPSC में चयनित आदित्य कुमार सिंह का विद्यालय प्रबन्धन ने किया अभिनंदन एवं सम्मान

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा ।जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सुदिति ग्लोबल एकेडमी के पूर्व छात्र आदित्य कुमार सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर विद्यालय परिवार तथा पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है।उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार,प्रबंध निदेशक मयंक कुमार तथा प्रधानाचार्य कमल कुमार ने आदित्य कुमार सिंह को पटका पहनाकर एवं प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने छात्र जीवन को याद करते हुए आदित्य कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय में मिले अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने विशेष रूप से अपने कक्षा अध्यापक प्रवीन अग्रवाल सर के निर्देशन और प्रधानाचार्य जी के अनुशासन एवं कुशल मार्गदर्शन को याद करते हुए कहा कि विद्यालय में उन्हें जनपद,राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के भरपूर अवसर मिले,जो उनके व्यक्तित्व को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मील का पत्थर साबित हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल कुमार ने कहा कि आदित्य अपने अध्ययन काल में एक परिश्रमी, लगनशील और जिज्ञासु छात्र रहे हैं।विज्ञान के क्षेत्र में उनकी विशेष रुचि हमेशा देखने को मिलती थी और आज उनकी यह सफलता उसी परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आदित्य को हार्दिक बधाई देते हुए अन्य छात्रों के लिए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।

विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार ने आदित्य को शुभाशीष देते हुए कहा कि सुदिति ग्लोबल एकेडमी सदैव उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी उच्च स्तरीय शिक्षा तथा तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

प्रबंध निदेशक मयंक कुमार ने भी आदित्य कुमार सिंह को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी।छात्र की इस उपलब्धि पर पूरा सुदिति परिवार गौरवान्वित है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *