IMG-20260514-WA0349

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा। आज ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी महोदय को सौंपा गया। ज्ञापन में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एवं भाजपा नेता नितेश राणे द्वारा AIMIM पार्टी और पार्टी के सुप्रीमो सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी सहाब पर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी आपत्ति जताई गई।

ज्ञापन में कहा गया कि मंत्री नितेश राणे ने मीडिया से बातचीत के दौरान AIMIM को “आतंकवादी संगठन” बताते हुए सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी की तुलना पूर्व अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन से की, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। AIMIM नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान एवं चुनाव आयोग की मर्यादाओं के विरुद्ध बताया।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मंत्री नितेश राणे के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए तथा उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। साथ ही AIMIM एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग उठाई गई।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति लगातार धार्मिक ध्रुवीकरण एवं समाज में नफरत फैलाने वाले बयान दे रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में मदरसों को लेकर दिए गए कथित विवादित बयानों की भी निंदा करते हुए कहा गया कि तथ्यहीन आरोपों से एक विशेष समुदाय की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

AIMIM नेताओं ने कहा कि भारत का संविधान देश की आत्मा है और संविधान की शपथ लेने वाले जनप्रतिनिधियों को उसकी मर्यादा का पालन करना चाहिए। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति महोदया से हस्तक्षेप कर न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में डा शमशाद हुसैन वारसी जिलाध्यक्ष, मो. सलमान सिद्दीकी जिला उपाध्यक्ष, एहसान खान जिला महासचिव, मो. शावेज़ राईन जिला मीडिया प्रभारी, मो. आसिफ फारूकी बकेवर नगर पंचायत अध्यक्ष AIMIM, अजय प्रताप सिंह कुशवाहा वरिष्ठ नेता, शहवाज खान वार्ड अध्यक्ष, मो. शीश अंसारी वरिष्ठ नेता, अदनान अली, अयान खान, मो. अनीस अली यूथ शहर अध्यक्ष, फ्रांस अली यूथ शहर प्रभारी, असलम, मो. शादान, मो. राजा, नियाज़ अंसारी नेता, वसीम अंसारी, शरीफ खान वरिष्ठ नेता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *