
राष्ट्र पटल संवाद
औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने औद्योगिक क्षेत्र प्लास्टिक सिटी दिबियापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया साथ ही स्थापित औद्यौगिक इकाईयों का भ्रमण कर इकाईयों में निर्मित उत्पादों की बिक्री, उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया तथा उत्पादन हेतु प्रयुक्त सामग्री आदि के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने सर्व प्रथम रिस्टोर हेल्थ मेडीकेयर प्रा0लि0 भूखण्ड संख्या ए0-04 का निरीक्षण किया जिसमे गाडियों को स्क्रैप किया जाता है। इकाई के सुपरवाइजर सन्दीप राजपूत द्वारा पूरी इकाई के बारे में विस्तृत रूप से जनकारी देते हुए अवगत कराया गया कि इकाई में पुरानी गाड़ियाँ स्क्रैप के लिये आती है, जिनका मूल्यांकन गाडी की आर0सी0 मे उल्लिखित वजन के अनुसार किया जाता है। स्क्रैप के बाद गाडी से निकला हुआ सामान अलग-अलग स्थानों पर आवश्यकतानुसार इकाई द्वारा बेंच दिया जाता है।
इकाई प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि पीने का पानी, सीवर आदि के जाम होने से समस्या हो रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि शुद्ध पेय जल आपूर्ति के लिए तत्काल अस्थाई व्यवस्था की जाये तथा समस्या के स्थाई समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराते हुए निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।
तत्पश्चात औद्योगिक क्षेत्र में जिलाधिकारी द्वारा निर्माणाधीन एवं क्रियाशील इकाईयों मे से नारायण इन्टर प्राइजेज एवं मां वैष्णो फर्नीचर जो क्रमशः प्लास्टिक उत्पाद व फर्नीचर का निर्माण करती हैं साथ ही प्लास्टिक के खिलौनो के उत्पादन करने वाली इकाई मै0 अमित प्लास्टिक का निरीक्षण भी किया गया। इकाई स्वामी अमित ठाकुर ने पानी एवं सीवर की समस्या का उल्लेख किया साथ ही विद्युत कनेक्शन काफी दूर से लेने के कारण विद्युत कनेक्शन व्यय अधिक पडता है। साथ ही इकाई मे प्रयुक्त होने वाला कच्चा माल हेतु गेल से स्थानीय वेडरों से दिलवाने हेतु अनुुरोध किया गया जिसमें जिलाधिकारी द्वारा उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गेल के अधिकारियों से सम्पर्क करते हुये स्थानीय स्तर पर ही कच्चे माल की उपलब्धता हेतु समन्वय बैठक करा कर निर्माता को उचित व कम मूल्य पर कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये।
उन्होने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में बिजली, पानी, सीवर व अन्य आधार भूत सुविधाओं की अनुपलब्धता के सम्बन्ध में उनके माध्यम से यूपीसीडा विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु पत्र प्रेषित किया जाये।
औद्योगिक क्षेत्र के निर्माणाधीन मुख्य मार्ग के सम्बन्ध में जिलाधिकारी को उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग है जिसका भुगतान यूपीसीडा द्वारा किया जा रहा है जल्द ही मुख्य मार्ग का निर्माण पूर्ण हो जायेगा। औद्योगिक क्षेत्र के आन्तरिक सडकों के निर्माण हेतु जिलाधिकारी की ओर से कार्य प्रारम्भ करने हेतु यूपीसीडा के अधिशाषी अभियंता एवं क्षेत्रीय प्रबन्धक को कार्य की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में पूर्व में पत्र भेजा गया है। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यक मूलभूत सुविधाओं यथा आन्तरिक सडकों का निर्माण, सीवरेज की सफाई, पानी की उपलब्धता एवं बिजली आदि की उचित व्यवस्था हेतु यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को अधोहस्ताक्षरी की तरफ से पत्र प्रेषित किया जाये।





