IMG-20260523-WA0342

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा। 4 यूपी बटालियन एन.सी.सी. इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, साँई सिटी उदयपुरा, फर्रूखाबाद रोड, इटावा में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण कैंप के अंतर्गत आज कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी द्वारा कैंप के शुभारंभ पर कैडेट्स को संबोधित किया । संबोधन के दौरान कैडेट्स को अनुशासन, स्वास्थ्य एवं सैन्य जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

अपने संबोधन में कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि एक कैडेट के लिए अनुशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष महत्व होता है। वर्तमान मौसम को देखते हुए उन्होंने कैडेट्स को गर्मी से बचाव, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने एवं शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही एक अच्छे सैनिक की पहचान है, इसलिए सभी कैडेट्स को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित दिनचर्या का पालन करना चाहिए।

उन्होंने कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि “अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। जो कैडेट अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और मेहनत के साथ आगे बढ़ता है, वही भविष्य में देश का सच्चा नेतृत्व करता है।”

संबोधन के दौरान कैडेट्स को कैंप की दैनिक गतिविधियों, सुरक्षा नियमों एवं सामूहिक जीवन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने बताया कि कैंप में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ जीवन उपयोगी व्यवहारिक जानकारियाँ भी प्रदान की जा रही हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र सेवा की भावना का विकास हो सके।

कैंप के शुभारंभ के अवसर पर सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), सूबेदार सुधीर कुमार, नायब सूबेदार देवेंद्र सिंह, कंपनी हवलदार मेजर विजयंत सिंह चौहान, हवलदार अमर भुजियाल, लेफ्टिनेंट प्रशांत कमल, रणजीत चौहान, सेकंड ऑफिसर रवि दत्ता, अनित बालियान, जीसीआई रागिनी पाल, क्लर्क ए.पी. त्रिपाठी, रतन कुमार एवं मुकेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *