
कैडेट्स को अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का दिया संदेश
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, साँई सिटी उदयपुरा, फर्रूखाबाद रोड स्थित परिसर में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण कैंप के सातवे दिन मगलवार को आगरा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव (युद्ध सेवा मेडल) ने निरीक्षण किया।
कैंप में पहुंचने पर कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश एवं सूबेदार मेजर कपिल देव ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स द्वारा ग्रुप कमांडर को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव ने कैंप में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा कैडेट्स से संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कैंप कीi व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश का भविष्य हैं तथा अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी पहचान है।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए और अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंप में दी जा रही प्रत्येक प्रशिक्षण गतिविधि को गंभीरता और लगन से सीखें, क्योंकि यही प्रशिक्षण भविष्य में उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाएगा।
संबोधन के बाद ग्रुप कमांडर ने कैंप के प्रशिक्षण क्षेत्र, कुक हाउस, लिविंग एरिया, स्टोर तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक एनसीसी मुख्यालय लखनऊ के मेजर जनरल गौरव गौतम (विशिष्ट सेवा मेडल) का भी कैंप निरीक्षण हेतु आगमन प्रस्तावित है।
इस अवसर पर सूबेदार सुधीर कुमार, नायब सूबेदार देवेंद्र सिंह, कंपनी हवलदार मेजर विजयंत सिंह चौहान, सरवन सिंह, मेजर अवधेश कुमार, कैप्टन अजय यादव, लेफ्टिनेंट प्रशांत कमल, रणजीत चौहान, सेकंड ऑफिसर रवि दत्ता, अनित बालियान, जीसीआई रागिनी पाल, क्लर्क ए.पी. त्रिपाठी, रतन कुमार एवं मुकेश श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






