IMG-20260603-WA0202

15 दिनों से पर्याप्त बिजली न मिलने का आरोप, ग्रामीण बोले- समस्या दूर नहीं हुई तो होगा आंदोलन

राष्ट्र पटल संवाद

जसवंतनगर (इटावा)। तहसील क्षेत्र के ग्राम सराय भूपत (कटेखेड़ा) में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। नाराज विद्युत उपभोक्ताओं ने राजा का बाग विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर घेराव किया और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग 15 दिनों से गांव में मात्र 5 से 6 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। वहीं रात के समय बिजली लगभग पूरी तरह गायब रहती है, जिससे भीषण गर्मी और उमस में लोगों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रात-रात भर लोग गर्मी के कारण सो नहीं पा रहे हैं। बिजली न मिलने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है और लोगों को पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना था कि जब से ट्रांसफार्मर पर एमसीवी लगाई गई है, तब से बिजली सप्लाई की स्थिति और खराब हो गई है। आए दिन बिजली ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। ग्रामीणों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की।

मौके पर पहुंचे सब स्टेशन राजा का बाग फीडर के सुपरवाइजर ललित पाल ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि बिजली लाइनमैनों को मौके पर भेजा गया है और संभवतः लोड की समस्या के कारण दिक्कत आ रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

इसके बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। ग्रामवासियों ने संयुक्त रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली सप्लाई शीघ्र सही नहीं हुई तो मजबूर होकर सड़क जाम और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

वहीं इस मामले में विद्युत विभाग के एसडीओ आनंद पाल सिंह ने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई दी जा रही है। यदि किसी को संदेह है तो वह विभाग में आकर सप्लाई संबंधी बुकलेट की जांच कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *