IMG-20260604-WA0371

राष्ट्र पटल संवाद 

जसवंतनगर (इटावा)। क्षेत्र के ग्राम सराय भूपत कटेखेड़ा में पिछले कुछ दिनों से हो रही बिजली कटौती से परेशान विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायत पर विद्युत विभाग के एसडीओ आनंदपाल सिंह मौके पर पहुंचे और उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। इसके बाद विद्युत विभागीय टीम ने करीब दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी।

एसडीओ ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर सही स्थिति में था, लेकिन अधिक लोड के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। समस्या के समाधान के लिए लोड को अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया गया है, जिससे अब इस क्षेत्र में बिजली सप्लाई नियमित रूप से चल सकेगी।

उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली का अनावश्यक उपयोग न करें और जरूरत के अनुसार ही बिजली खर्च करें। साथ ही जिन लोगों के अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हुए हैं, वे जल्द कनेक्शन कराएं।

समस्या के समाधान के बाद ग्रामीणों ने एसडीओ आनंदपाल का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान दंगल सिंह चौहान, रामपाल, दीनानाथ, मुकेश यादव, सौरभ सविता और मो. आमीन भाई सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई सोनी के प्रति नाराजगी भी जताई। उनका कहना था कि यदि समय रहते उनकी शिकायत सुनी जाती तो गांववासियों को कई दिनों तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *