September 12, 2026
IMG-20260604-WA0342

राष्ट्र पटल संवाद 

इटावा। प्रभारी मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार श्रीमती बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज 05 जून से 21 जून तक जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के सफल संचालन के संबंध में विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों, कार्य योजना आदि से संबंधित समीक्षा बैठक हुई।

मंत्री जी द्वारा निर्धारित कार्य योजना पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। प्रदेश में समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक एवं विकास कार्यों से आम जनमानस को रुबरु करवाना एवं देश, प्रदेश एवं जनपद के विकास में आम जनमानस की भूमिका एवं भागीदारी भी सुनिश्चित करवाना है। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समस्त कार्यक्रम सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भावना के अनुरूप संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण में सादगी, अनुशासन, ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जन भागीदारी को प्राथमिकता दी जाए, साथ ही साथ केन्द्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तिकरण तथा प्रदेश में विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं सुशासन मॉडल को समस्त कार्यक्रमों में समाहित किया जाए।

तैयारियों की समीक्षा के दौरान मंत्री जी ने पूर्व निर्धारित तिथियों एवं अवधि में संबंधित विभागों द्वारा आयोजित कराए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा को विस्तार से बताते हुए कहा कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम की थीम पर वृहद वृक्षारोपण का अभियान* चलाया जाएगा तो 08 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।

11 जून से 14 जून तक मीडिया संबोधन एवं संवाद कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा सरकार की उपलब्धियां से संबंधित प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएगी। वहीं 14 से 16 जून तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला का आयोजन कराया जाएगा।

रात्रि चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। इसके लिए विद्युत, स्वास्थ्य, राजस्व सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि चौपाल में तहसीलदार की उपस्थिति भी आवश्यक है, जिससे राजस्व संबंधी समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जा सके।

मंत्री जी ने कहा कि रात्रि चौपाल तभी सफल मानी जाएगी जब वहां प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्रभावी समाधान हो तथा आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिल सके।

जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 दिवसीय अभियान को सफल बनाने की दिशा में अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों को आयोजित करने की दिशा में पूर्ण तैयारी के साथ जुट जाएं।

उक्त बैठक के दौरान जनपद प्रभारी कमला देवी, मा0 विधायक सदर श्रीमती सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष बी0जे0पी0 अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, सामाजिक निदेशक वानिकीय विकास नायक, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायक संदीप श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *