
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। 4 यूपी बटालियन एन.सी.सी. इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, उदयपुरा, फर्रूखाबाद रोड, इटावा में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण कैंप के अंतर्गत आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स, एनसीसी अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश विद्यालय के चेयरमैन अतिवीर सिंह यादव वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव एवं चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर मनोज श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण एवं मातृ सम्मान के प्रति एक छोटा सा प्रयास किया गया। इस पहल के माध्यम से कैडेट्स को पर्यावरण के महत्व और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), सूबेदार आनंद सिंह भंडारी, सूबेदार सुधीर कुमार, कंपनी हवलदार मेजर विजयंत सिंह चौहान, सरवन सिंह, हवलदार प्रमोद कुमार, हवलदार गुरनाम सिंह, सीटीओ सौरव कुमार, जीसीआई रागिनी पाल, एनसीसी अधिकारीगण एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।






