
बैठक में बुनकर एकता समिति के पदाधिकारी नियुक्त
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। बुनकर एकता समिति की बैठक में अपने हकों के लिए बुनकर समाज ने एक प्लेटफार्म पर आकर बिजली बिलों की समस्या के समाधान के लिए संघर्ष का ऐलान किया। बैठक में नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौपी गई।
बाह अड्डा स्थित कासिम अंसारी के कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा समिति बुनकर समाज के हकों की लड़ाई लड़ने के लिए संकल्पित है और बुनकरों को बिजली सम्बन्धी समस्यसों से निजात दिलाकर रहेगी। प्रदेश प्रवक्ता एवं सलाहकार क़ासिम अंसारी ने कहा जिस क़ौम का रहबर नहीं होता वह क़ौम अपनी मंज़िल तक नहीं पहुंचती। रहबर का मतलब सिर्फ़ नेता नहीं, रहबर वह होता है जो अंधेरों में रोशनी दिखाए, मुश्किल वक़्त में हिम्मत दे, सही और गलत का फ़र्क समझाए, लोगों को बाटने के बजाय जोड़ने का काम करे और अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज की भलाई के लिए काम करे। बुनकर एकता समिति जिस तरह बुनकरों की लड़ाई लड़ती रही है उसी तरह आगे भी लड़ेगी अगर बुनकरों के हक के लिए आंदोलन करना पड़ा तो समिति पीछे नहीं रहेगी। बुनकर नेता नफीसुल अंसारी ने कहा बुनकर समाज के हितों के लिए जो भी दल काम करेगा और बुनकरों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराएगा समाज उसी दल का साथ देगा। प्रमुख महासचिव सलाहउद्दीन अंसारी ने कहा समिति जल्द ही उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर बुनकरों की सभी समस्यायों का हल करेगी। राशिद अंसारी राजस्थान मार्वल ने कहा समिति की पहल होगी कि बिजली के साथ बुनकरों की अन्य समस्याओं का हल किया जाए। शमशुद्दीन अंसारी ने कहा समिति की कोशिश है कि 430 रुपए प्रति लूम से घटाकर 200 रूपये कर दिया जाए।
समिति की बैठक में नफीसुल अंसारी को संरक्षक, शमसुद्दीन अंसारी, राशिद अंसारी, इलियास अंसारी, हाजी अखलाक अंसारी को उपाध्यक्ष, मो. मुबीन, नजीर अंसारी लल्ला को उप प्रबन्धक, राशिद अंसारी को उप महासचिव, निहाल, मो. लईक को सचिव, जीशान, शानू, दानिश को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। कोषाध्यक्ष हाफिज मो. रईस, प्रबन्धक शारिक अंसारी, उप प्रबन्धक मसरूर अंसारी, सगीर अहमद सचिव, असलम अंसारी उपाध्यक्ष, मो. इमरान मीडिया प्रभारी, राकेश शंखवार उप महासचिव, इरफान अहमद, मो. जाबिर, इजहार अहमद, अमीन अंसारी, मो. हनीफ आदि उपस्थित रहे।






