September 12, 2026
IMG-20260812-WA0384

विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ निकाला आजादी मार्च, स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्र पटल संवाद 

इटावा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज मदरसा अरबिया कुरानिया, कटरा शाहब खाँ, इटावा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत होकर तिरंगा यात्रा एवं आजादी मार्च निकाला। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुश्री निधि सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया।इस अवसर पर मदरसे के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ यात्रा में भाग लिया तथा राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और देश की तरक्की के प्रति अपने संकल्प को व्यक्त किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी निधि सिंह ने विद्यार्थियों को भारत की स्वतंत्रता के इतिहास से परिचित कराया और स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न चरणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के अमर बलिदानों का परिणाम है। स्वतंत्रता का सम्मान करना तथा देश के निर्माण और विकास में सकारात्मक भूमिका निभाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करें।

इस अवसर पर मदरसा अरबिया कुरानिया के प्रधानाचार्य मौलाना तारिक शम्सी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमारे बुजुर्गों के महान बलिदानों की याद दिलाती है और नई पीढ़ी को उन कुर्बानियों से परिचित कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मदरसों के विद्यार्थी भी देश के निर्माण एवं विकास,शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में अपना प्रभावी योगदान दे रहे हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, सेवा-ए-खल्क, देशभक्ति और राष्ट्र की प्रगति के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।मौलाना तारिक शम्सी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं,बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता,बलिदान और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। आजादी के उत्सव को उसके वास्तविक भाव के साथ मनाना और स्वतंत्रता सेनानियों की सेवाओं एवं बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।तिरंगा यात्रा में मदरसे के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने, राष्ट्रीय एकता और देश की प्रगति के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मौलाना मुहम्मद साद कासमी,मौलाना याह्या कासमी, मौलाना वजीहुद्दीन कासमी,मुफ्ती अदनान साकिबी, मौलाना नसीम कासमी,मौलाना अब्दुर्रहीम कासमी, मुफ्ती इनाम अहमद,मुफ्ती मेराज अहमद, मौलाना मुहम्मद आजम,मास्टर अरशदुल्लाह, मास्टर मुहम्मद आरिफ,मास्टर मुहम्मद सुहैल, मास्टर आसिफ अली,मास्टर मुहम्मद आसिफ, कारी मसीहुल्लाह इरफानी,कारी आमिर सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की व्यवस्थित भागीदारी ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण बना दिया।कार्यक्रम के अंत में देश की सुरक्षा, तरक्की,खुशहाली एवं राष्ट्रीय एकता के लिए विशेष दुआ की गई।हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित यह आजादी मार्च विद्यार्थियों में देशभक्ति,राष्ट्रीय जिम्मेदारी और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों के प्रति सम्मान की भावना पैदा करने का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *