एम0ए0 खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। खीरों थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह एमए की 21 वर्षीय छात्रा को घर में अकेला पाकर दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुराचार का प्रयास किया। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर रस्सी से गला कसते हुए जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर मौके पर पहुंची पड़ोसी महिलाओं की वजह से पीड़िता की जान बच सकी। मौका पाकर दोनों आरोपी फरार हो गए।
पीड़िता को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि वह डिग्री कॉलेज में एमए की छात्रा है। आगामी 14 फरवरी को उसकी बड़ी बहन की शादी है। उसके पिता पिछले दो वर्षों से कैंसर से पीड़ित हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे उसके माता-पिता व अन्य परिजन शादी का सामान खरीदने सरेनी गए थे और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसके गांव का एक युवक और पड़ोसी गांव का एक युवक उसके घर पहुंचे और दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर ली।
पीड़िता के अनुसार, एक युवक उसके साथ जबरन दुराचार का प्रयास कर रहा था, जबकि दूसरा उसका वीडियो बना रहा था। विरोध करने पर दोनों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और रस्सी से गला कसकर हत्या का प्रयास किया। तभी शोर सुनकर पड़ोस की महिलाएं पहुंच गईं और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, जिससे आरोपी उसे छोड़कर भाग निकले।
घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का उपचार जारी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।






