राष्ट्र पटल संवाद

शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहाँ ढाई घाट-शमशाबाद मार्ग पर बुढ़िया पुल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मोबाइल से हुई मृतक की शिनाख्त घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब मृतक की तलाशी ली, तो उसकी जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल से डायल किए गए नंबरों पर संपर्क किया, जिससे मृतक की पहचान हरवीर सिंह (28) पुत्र बदन सिंह के रूप में हुई। वह एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला बाबन (कालिंजर) का रहने वाला था।

वीडियो कॉल से भाई ने की पहचान पुलिस ने मृतक के भाई भगवान दास को फोन पर घटना की जानकारी दी और वीडियो कॉल के जरिए शव दिखाया, जिसके बाद भाई ने शव की शिनाख्त की। जानकारी के मुताबिक, हरवीर सिंह विवाहित थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक तीन माह का बेटा शामिल है। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शमशाबाद थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *