अरविन्द चित्तौड़िया
गोवर्धन (मथुरा)। कस्बे के दानघाटी मंदिर मार्ग पर सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान पर रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना भीड़भाड़ वाले व्यस्ततम इलाके में होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई।आग लगने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल इलाके को खाली कराते हुए आवागमन बंद कराया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।गौरतलब है कि गिरिराज दानघाटी मंदिर मार्ग पर लक्ष्मीनारायण मंदिर के सामने भगवान दास सैनी की ‘श्री गिरिराज जी परांठे वाले’ के नाम से दुकान है। दुकान पर परांठे बनाने के लिए रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग पकड़ ली, जिसने कुछ ही पलों में भयावह रूप ले लिया।





