
राष्ट्र पटल संवाद
बकेवर (इटावा )। नववर्ष के एक दिन पूर्व क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन मौर्य के परिवेक्षण में थाना प्रभारी बकेवर विपिन कुमार मालिक के नेतृत्व में बकेवर कस्बा से लखना तक व्यापक पैदल फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च बकेवर कस्बा के औरैया रोड व इटावा रोड से होते हुए लखना बाईपास तिराहे तक निकाला गया। इसके पश्चात पुराना नहर पुल, नया नहर पुल से होते हुए पुनः बाईपास तिराहे तक पुलिस बल ने पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया। इस दौरान थाना प्रभारी विपिन कुमार मालिक व अन्य पुलिस अधिकारियों ने लोगों एवं दुकानदारों से संवाद कर नववर्ष का उत्सव अपने-अपने घरों में शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी विपिन कुमार मालिक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर क्षेत्र में यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करता हुआ पाया गया तो पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी। स्टंटबाजी करने वालों, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों तथा शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हुई और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और अधिक बढ़ा है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष शांति व अनुशासन के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन बना रहे।






