
एम0ए0 खान
रायबरेली ( राष्ट्र पटल)। शहर के मलिक मऊ से लापता हुए मासूम भाई-बहन आखिरकार सुरक्षित मिल गए। यह राहत भरी खबर बछरावां से आई, जहां एक संवेदनशील व्यापारी ने बच्चों को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
बता दें कि लापता निखिल और तान्या शहर से साइकिल पर निकले थे। लगभग 30 किलोमीटर दूर बछरावां तक वे कैसे पहुंचे इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल बच्चों की सलामती ने सभी को सुकून दिया है।
उधर, जैसे ही बरामदगी की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में पसरा सन्नाटा उम्मीद में बदल गया। कई घंटों की बेचैनी के बाद माता-पिता ने राहत की सांस ली और तुरंत बछरावां के लिए रवाना हो गए। मासूमों के सुरक्षित मिलने की खबर से पूरे इलाके में खुशी की लहर है और हर कोई उस व्यापारी की सराहना कर रहा है, जिसकी सतर्कता से यह सुखद पल संभव हुआ। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संवेदनशील नागरिक और तत्पर पुलिस मिलकर कितनी बड़ी अनहोनी को भी टाल सकते हैं।







