
एम0ए0 खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जनपद में मंदिरों से घंटा चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रायबरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से कुल 3 क्विंटल 13 किलो पीतल के मंदिरों के घंटे, 7 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, दो लोहे की संडासी तथा चोरी में प्रयुक्त किया कार बरामद की गई है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ यश्वीर सिंह ने बताया कि 6/7 जनवरी की रात थाना जगतपुर क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर स्थित दुर्गा देवी मंदिर से अज्ञात चोरों द्वारा पीतल के घंटे चोरी किए गए थे। इस मामले में मंदिर के पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एसओजी, सर्विलांस और थाना जगतपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। 11/12 जनवरी की रात शारदा नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर कार सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त गोविंद सिंह उर्फ आकाश पुत्र स्वर्गीय अर्जुन सिंह उर्फ करण सिंह निवासी बडपुरा थाना फफूंद जनपद भिंड मध्य प्रदेश के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोनू भदौरिया पुत्र इन्द्रल सिंह निवासी उदितपुरा थाना कोतवाली नगर जनपद भिंड मध्य प्रदेश, आबिद पुत्र स्वर्गीय जाफर निवासी उर्दू मोहल्ला थाना कोतवाली जनपद इटावा, आनंद कुमार गिरी पुत्र स्वर्गीय बजरंगी निवासी गोसाई खेड़ा थाना सरेनी, बब्लू सिंह उर्फ शिवबक्स सिंह पुत्र गायबक्स सिंह निवासी माधवापुर नेवादा थाना ऊंचाहार जनपद रायबरेली, सुनील कुमार पोरेल पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र पोरेल निवासी सनेहर थाना कोतवाली नगर जनपद औरैया तथा सुमन पत्नी नवल निवासी सूर्यनगर घाटमपुर थाना सूर्यनगर जनपद कानपुर देहात शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे बड़े व सुनसान मंदिरों की रेकी कर रात के समय कार से पहुंचकर पीतल के घंटे चोरी करते थे और सुबह होने से पहले कबाड़ी बाजार में बेचकर फरार हो जाते थे। गिरोह द्वारा रायबरेली के अलावा उन्नाव, इटावा सहित अन्य जनपदों में भी मंदिरों को निशाना बनाया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरोह के कई अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक रायबरेली द्वारा इस सफल अनावरण में शामिल पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।






