अकमल खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। डायल-112 के माध्यम से थाना डीह को मिली युवती के अपहरण की सूचना की जांच में मामला गलत पाया गया है। रायबरेली पुलिस के अनुसार युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से युवक से नोटरी विवाह कर घर छोड़ा था।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को समय करीब 3:10 बजे डायल-112 के माध्यम से थाना डीह को सूचना मिली कि पूरे भितरी मजरा खुरहटी, थाना डीह निवासी रीशा यादव पुत्री सदाशिव यादव का दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया गया है। सूचना पर तत्काल थाना डीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि रीशा यादव की शादी पहले रिंकू उर्फ दीपक यादव पुत्र छेदीलाल यादव निवासी ग्राम ककरहा, थाना सलोन से तय हुई थी, लेकिन बाद में परिजनों ने कुछ कारणों से रिश्ता तोड़ दिया। इसके बावजूद दोनों आपस में संपर्क में रहे। बालिग होने के बाद 12 नवंबर 2025 को दोनों ने अधिवक्ता के माध्यम से नोटरी विवाह कर लिया।
पुलिस के अनुसार युवती ने स्वयं अपने भाई और ग्राम प्रधान को इस विवाह की जानकारी दी थी तथा शादी के दस्तावेज भी भेजे गए थे। इसके बावजूद युवती के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना डीह में अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शीघ्र ही युवती की बरामदगी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मामले में लगाए गए अन्य आरोप असत्य और निराधार पाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *