
एम0ए0 खान
रायबरेली (राष्ट्र पटल)। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने शुक्रवार को सलोन विधानसभा क्षेत्र के विद्युत उपखंड सलोन में 250 केवीए क्षमता के ट्राली विद्युत ट्रांसफार्मर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 18 लाख रुपये की लागत से दो ट्राली ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जिससे विद्युत कटौती की समस्या से राहत मिलेगी।
सांसद किशोरी लाल शर्मा ने सलोन विधानसभा की जनता को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सलोन की जनता ने उन्हें चुनाव में प्रथम स्थान दिलाकर ऐतिहासिक समर्थन दिया है, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे क्षेत्र की जनता की सेवा में हमेशा तत्पर रहेंगे और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन टी.एन. त्रिपाठी ने किया। विद्युत उपखंड सलोन के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार यादव ने ट्राली ट्रांसफार्मर के संचालन व उपयोगिता की जानकारी उपस्थित लोगों को दी तथा सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष अमेठी प्रदीप सिंघल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर दिग्विजय सिंह, बृजेश तिवारी, मोहम्मद मोबीन, तनवीर अहमद, चन्दन, चौधरी निखत, अब्बू भाई, अर्जुन पासी, तुलसी राम पासी, किरन देवी, तनवीर भाई, आदिल, आशीष सिंह सहित कई न्याय पंचायत अध्यक्ष व क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।






