शहर के मध्य प्रकाश नगर की घटना, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर मुहल्ले में चोरों ने पुलिस विभाग में तैनात एक हेड कांस्टेबल के बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेत पौने दो लाख नकदी चोरी कर ले गए। चोर घर के पिछले दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे और उस कमरे का कुंडा तोड़ दिया जिसमें जेवरात और नकदी रखी हुई थी। इसके बाद उन्होंने अलमारी का लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
मकान मालकिन सीमा यादव पत्नी सुदेश कुमार, निवासी प्रकाश नगर महेरा चुंगी, के अनुसार उनके पति सुदेश कुमार वर्तमान में कासगंज के ढोलना थाने में तैनात हैं। 22 फरवरी की रात ड्यूटी के दौरान सुदेश कुमार को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद 24 फरवरी को वह छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव कौआ रामपुरा ऊसराहार चले आए। जानकारी पर 26 फरवरी को सीमा यादव भी घर में ताला लगाकर अपनी बेटी दिशा के साथ गांव पति को देखने चली गई थीं।
ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार नीरज और उनकी पत्नी त्यौहार करके जब गुरुवार को अलीगढ़ से वापस लौटे उन्होंने घर में सामान बिखरा और दरवाजे खुले होने पर चोरी की सूचना मकान मालिक को दी। किरायेदार नीरज 3 मार्च को अपने घर गए थे। सुबह करीब 9:30 बजे गृहस्वामी और उनकी बेटी ऊसराहार से घर पहुंचे। घर की हालत देखकर उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हेडकांस्टेबल की पत्नी सीमा ने बताया कि जीवन भर की कमाई जोड़ जोड़कर करीब 35 तोला सोना के जेवरात बनवाए थे। जिसमें 2 जोड़ी चूड़ी, 5 चेन, एक हार, 13 अंगूठियां, 3 जोड़ी कान के कुंडल, सीता राम, मंगलसूत्र, नथनी के अलावा करीब 1 किलो चांदी के जेवर 5 जोड़ी पायल, तोड़िया, बिछिया, करधनी और कुछ बर्तन के अलावा इलाज के लिए रखे करीब 1.75 लाख रुपये नकद भी रखे थे, चोर सारा जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *