IMG-20260119-WA0127

एम0ए0 खान

रायबरेली (राष्ट्र पटल)। नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय सांसद राहुल गांधी का रायबरेली आगमन तय हो गया है। उनके दौरे को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज है और जनता के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 19 जनवरी की रात 09:15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा रायबरेली पहुंचेंगे और भुएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 20 जनवरी को उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। सुबह 09:00 से 10:00 बजे तक वे पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे, जिसमें संगठन की मजबूती और स्थानीय मुद्दों पर रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद सुबह 11:15 से 11:30 बजे भुएमऊ गेस्ट हाउस में सांसद निधि से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
दोपहर 11:45 से 12:00 बजे राजीव गांधी स्टेडियम (आईटीआई कॉलोनी) में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे, इसके बाद दोपहर 12:15 से 12:30 बजे पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के आवास पर शिष्टाचार भेंट का कार्यक्रम है।दौरे का सबसे अहम चरण दोपहर 01:45 से 02:45 बजे उमरन गांव (रोहनिया) में मनरेगा चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी मनरेगा कानून में प्रस्तावित संशोधनों के खिलाफ जनता के आक्रोश और विरोध को सामने लाएंगे। ताकि कांग्रेस के मनरेगा बचाओ संग्राम को मजबूती मिले। राहुल ग्रामीण जनता से सीधे संवाद कर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन को नई ताकत देने की कोशिश करेंगे। माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम सिर्फ रायबरेली ही नहीं, बल्कि देशभर में सुर्खियों में रहेगा।
बता दें कि पिछले दौरे में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रास्ता रोकने, दिशा बैठक में हंगामा और बहिष्कार जैसी घटनाएँ सामने आई थीं। इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता भी स्वागत और आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि, कार्यक्रम में अंतिम समय में समय-सारिणी में आंशिक बदलाव की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *