
राष्ट्र पटल संवाद
फर्रुखाबाद। शहर में मंगलवार रात और बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका के इंतजामों की पोल खोल दी। मोहल्ला नेकपुर कला (एसएआर कोल्ड स्टोर वाली गली) में जलभराव की स्थिति इतनी भयावह हो गई कि नाले का गंदा पानी करीब दो दर्जन घरों में घुस गया। इससे नाराज स्थानीय निवासियों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
सड़क पर जाम और नारेबाजी
गुस्साए निवासियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए ई-रिक्शा और अन्य वाहनों को सड़क पर आड़े-तिरछे खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गलत नाला निर्माण और भ्रष्टाचार के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव की मुख्य वजह नाले का गलत निर्माण है। सभासद के भतीजे अरुण त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि मेन रोड से मसैनी चौराहा तक बने नाले के निर्माण में तकनीकी खामियां हैं और इसमें लाखों रुपये का घपला हुआ है। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस (IGRS) पर की गई शिकायतों का भी बिना समाधान किए ‘फर्जी निस्तारण’ कर दिया जाता है।
एडवोकेट श्याम सुंदर शुक्ला ने बताया कि नाले का पानी निकासी के बजाय सड़क और घरों में भर रहा है। अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई भी मौके पर झांकने तक नहीं आता।
पीड़ितों का दर्द: ‘रात भर सो नहीं पाए’
जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुड्डी देवी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “घर और सड़क दोनों जगह पानी भरा है। नालियां बंद हैं। परेशानी इतनी ज्यादा है कि हम रात भर सो नहीं पाए।” शिवानी ने बताया, “रात को ही घर में पानी भर गया था। सुबह कमरों से पानी निकाला, लेकिन आंगन अभी भी डूबा हुआ है। हर बार बारिश में यही हाल होता है, पर कोई सुनने वाला नहीं है।” निवासियों ने यह भी बताया कि गहरे गंदे पानी में छोटे बच्चे गिर जाते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
जाम की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाया और करीब 30 मिनट बाद जाम खुलवाया जा सका।
ईओ नगर पालिका विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही जलभराव वाले स्थान पर मशीनें और दो टैंकर भेज दिए गए हैं, जो पानी निकालने का काम कर रहे हैं। हालांकि, स्थानीय निवासी शिव चौहान का कहना है कि सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण निकासी में काफी दिक्कत आ रही है।






