
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा।सर मदनलाल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, इटावा के बी.फार्मा के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने वर्दा डीआईओएस हेल्थकेयर प्रा.लि. कानपुर का एक दिवसीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया।भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को फार्मास्युटिकल उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली,उत्पादन प्रणाली,गुणवत्ता नियंत्रण तथा उद्योग में अपनाए जाने वाले मानकों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
औद्योगिक भ्रमण में वर्दा डीआईओएस हेल्थकेयर की टीम द्वारा विद्यार्थियों को कंपनी का विस्तृत परिचय देते हुए कंपनी की स्थापना,कार्यक्षेत्र,प्रमुख उत्पादों, गुणवत्ता नीति तथा उद्योग के विभिन्न विभागों जैसे-प्रोडक्शन, क्वालिटी कंट्रोल,क्वालिटी एश्योरेंस,पैकेजिंग एवं स्टोरेज आदि की जानकारी साझा की गई।विद्यार्थियों को उद्योग में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों जैसे एएएस,यूवी, एचपीएलसी और एफबीडी के बारे में भी अवगत कराया गया। साथ ही कम्प्रेशन मशीन,ब्लिस्टर मशीन,लिक्विड फिलिंग,सीलिंग तथा मिक्सिंग टैंक मशीनों की कार्यप्रणाली का व्यवहारिक अवलोकन कराया गया,जिससे उनकी तकनीकी समझ और अधिक सुदृढ़ हुई।
यह औद्योगिक भ्रमण एसएमजीआई निदेशक डॉ.यू.एस. शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में फार्मास्युटिकल क्षेत्र में केवल सैद्धांतिक ज्ञान लेना ही पर्याप्त नही है,बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों, उपकरणों और गुणवत्ता मानकों की भी सही समझ भी होना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण छात्रों में प्रोफेशनल एटीट्यूड, तकनीकी दक्षता और उद्योग के प्रति जागरूकता विकसित करते है और जब विद्यार्थी एएएस, यूवी,एचपीएलसी और एफबीडी जैसे विश्लेषणात्मक उपकरणों तथा उत्पादन मशीनों को प्रत्यक्ष रूप से देखते और समझते हैं,तो उनकी सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो जाती है और वे भविष्य में उद्योग के लिए बेहतर रूप से तैयार होते हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार के अनुभव उन्हें रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने में सहायक होंगे और उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भ्रमण में डॉ.श्वेता जैन (प्रोफेसर), डॉ.रेहान उद्दीन (एसोसिएट प्रोफेसर),डॉ.अखलेश कुमार दुबे (असिस्टेंट प्रोफेसर) एवं सुश्री शिवानी गुप्ता (असिस्टेंट प्रोफेसर) उपस्थित रहे,जिन्होंने भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।औद्योगिक भ्रमण को सफल बनाने में वर्दा डीआईओएस हेल्थकेयर प्रा. लि. के केशव चौहान, सुशील कुमार एवं काजल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
चेयरमैन डॉ.विवेक यादव ने वर्दा डीआईओएस हेल्थकेयर प्रा.लि. की संपूर्ण टीम का हार्दिक आभार प्रकट करते हुए कंपनी के सीईओ अमरकांत उपाध्याय,प्लांट हेड विजय शंकर शर्मा तथा पार्टनर्स दीपक कुमार निगम एवं विशाल मिश्रा को उनके आवश्यक, सराहनीय एवं सहयोगपूर्ण योगदान के लिए विशेष धन्यवाद दिया।






