IMG-20260207-WA0256

अकमल खान

रायबरेली (राष्ट्र पटल)। समाजवादी पार्टी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची में फॉर्म-7 के दुरुपयोग के माध्यम से सपा समर्थित मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी कार्यालय सुपर मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन के लिए क्रमशः फॉर्म-6, 7 और 8 भरे जा रहे हैं, लेकिन भाजपा द्वारा फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि रायबरेली जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा नेताओं द्वारा कंप्यूटर से प्रिंटेड फर्जी फॉर्म-7 भरवाकर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी समर्थित मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाने के लिए बीएलओ और सुपरवाइजरों के पास जमा कराए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में सपा पदाधिकारियों के नामों का भी दुरुपयोग किया गया है।

सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र सलोन के 12 बूथों, सदर रायबरेली के 16 बूथों, ऊंचाहार के 5, हरचंदपुर के 8, सरेनी के 4 तथा बछरावा विधानसभा क्षेत्र के अनेक बूथों पर एक ही समुदाय के मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए फर्जी फॉर्म-7 भरे गए हैं। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारियों से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रेस वार्ता में मौजूद विधायक बछरावा श्याम सुंदर भारती ने मांग की कि समूह में भरे गए एक जैसे प्रिंटेड फॉर्म-7 तत्काल निरस्त किए जाएं और साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। विधायक हरचंदपुर राहुल लोधी ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर पीडीए वर्ग के मतदाताओं के फर्जी फॉर्म-7 भरे गए हैं। विधायक प्रतिनिधि सरेनी दिव्यंबर सिंह ने भी सरेनी क्षेत्र के कई बूथों पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया।

प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा, चौ. सुरेश निर्मल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डीपी पाल ने कहा कि जिन लोगों के नाम से फॉर्म-7 भरे गए हैं, वे स्वयं इसे फर्जी बता रहे हैं और अपने प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर रहे हैं। ऐसे में सभी फर्जी फॉर्म-7 को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाना चाहिए।

समाजवादी पार्टी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी पात्र मतदाता को राजनीतिक दबाव में मताधिकार से वंचित न किया जाए। इस अवसर पर पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *