राष्ट्र पटल संवाद
फर्रुखाबाद। जिले के कंपिल थाना क्षेत्र अंतर्गत इकलहरा गांव के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार छात्रों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में हाईस्कूल के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दोस्त बसंत पंचमी के अवसर पर गंगा मैया को पहनावन चढ़ाकर वापस घर लौट रहे थे।
घटना का विवरण जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर मडिया गांव निवासी 17 वर्षीय आदित्य (पुत्र सुखबीर सिंह यादव) और भागीपुर उमराव निवासी उसका साथी 18 वर्षीय अतुल (पुत्र राकेश यादव) बाइक से अटैनाघाट गए थे। दोनों बसंत पंचमी पर गंगा पूजन कर शुक्रवार शाम वापस लौट रहे थे। तभी इकलहरा गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आदित्य ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अतुल छिटककर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक आदित्य हाईस्कूल का छात्र था।
चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. बिपिन कुमार ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। घायल अतुल की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई कंपिल थाना प्रभारी (एसओ) नितिन चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। अस्पताल प्रशासन से मेमो मिलने के बाद और परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।






