राष्ट्र पटल संवाद

फर्रुखाबाद। अमृतपुर कस्बे में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। मुख्य बस स्टॉप के सामने एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वह काफी देर तक ट्रैक्टर के नीचे फंसी रही।

टहलकर घर लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सत्यम (20 वर्ष) पुत्र दिलीप और शोभित (18 वर्ष) पुत्र तिलकराम अवस्थी के रूप में हुई है। दोनों युवक बुधवार शाम करीब 4 बजे कस्बे में टहलने निकले थे। जब वे वापस घर लौट रहे थे, तभी मुख्य बस स्टॉप के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय सीएचसी पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। सत्यम अपनी दो बहनों प्रियम और प्रांशी का इकलौता भाई था। उसके पिता दिलीप पेशे से किसान हैं। शोभित अपने छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर था। उसके पिता तिलकराम अवस्थी भी खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मृतकों की माता रजनी और सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

यातायात रहा प्रभावित
अमृतपुर-बदायूं मार्ग पर हुए इस हादसे के कारण काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मोनू शाक्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकलवाया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *