WhatsApp Image 2026-02-08 at 11.02.43 PM

अकमल खान

रायबरेली (राष्ट्र पटल)। जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही महिलाओं को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में आसमा (18) पत्नी विदेश, हिमांशी (23) पुत्री दल बहादुर, शालिनी (22) पुत्री जंगबहादुर तथा रश्मि (14) पुत्री रामरतन की मौत हो गई। सभी मृतक जगतपुर थाना क्षेत्र के कोडर चूली गांव की रहने वाली थीं।

हादसे में घायल होने वालों में रिया पटेल (14) पुत्री रमेश बहादुर पटेल, प्रिया पटेल (12) पुत्री रमेश बहादुर पटेल, साधना (9) पुत्री जंगबहादुर, मीना (22) पुत्री भगवानदीन तथा रेशमा (14) पुत्री बृजेश कुमार शामिल हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं और बालिकाएं भंडारे में शामिल होने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान निर्माणाधीन हाईवे पर तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *