
इरोड में कृषि नवाचारों का लिया जायजा, 100 से अधिक कृषि उत्पादों के स्टॉल्स का किया निरीक्षण
दीपा ठाकुर
नई दिल्ली (राष्ट्र पटल)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को तमिलनाडु के ईरोड जिले स्थित प्रसिद्ध हल्दी मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर का निरीक्षण किया और हल्दी उत्पादक किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि हल्दी उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा और उनके उत्पाद को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वहां कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कृषि उत्पादों के 100 से अधिक स्टॉल्स का निरीक्षण किया और किसानों व कृषि उद्यमियों से सीधे संवाद कर उनके उत्पादों, गुणवत्ता, और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इरोड में 1000 से अधिक महिला किसानों व महिला उद्यमियों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और सुझावों पर गंभीर चर्चा की। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने बहनों के साथ बैठकर केले के पत्ते पर पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद लिया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने महिला किसानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ महिलाएं हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिला किसानों और उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेगी।








