
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। प्राथमिक विद्यालय वैदपुरा, विकास खंड सैफई में शिक्षक दिवस के अवसर पर नव्या न्यूज़ के तत्वावधान में विशाल शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को पगड़ी, अंगवस्त्र, सम्मान-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया l कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुशील सम्राट ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एन.के. शर्मा (प्रवक्ता, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, इटावा) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी सैफई गिरीश कुमार एवं मीनाक्षी पांडे मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इससे पूर्व विद्यालय के बच्चों ने श्री कृष्ण और सुदामा मिलन की जीवंत प्रस्तुति दी, जिसे देखकर पूरा पंडाल भाव-विभोर हो गया। समारोह में नव्या न्यूज़ के मुख्य संपादक रिंकू तिवारी, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी शरण श्रीवास्तव, नव्या न्यूज़ के संरक्षक डॉ. विकास वर्मा, अवर अभियंता (उदी) अमर बहादुर सिंह चौहान एवं ब्यूरो चीफ रजत कुमार ने शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य संपादक रिंकू तिवारी ने कहा कि “शिक्षक समाज की रीढ़ हैं। नव्या न्यूज़ ऐसे ही लगनशील, कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों को सम्मानित कर गौरवान्वित महसूस करता है और भविष्य में भी यह परंपरा जारी रहेगी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






