
अनवर पठान
फर्रुखाबाद। के फतेहगढ़ स्थित लोको रोड पर सोमवार दोपहर बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद मकान मालिक और उसके बेटे ने टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जेई मुख्तार हुसैन को दौड़ाकर पकड़ा गया और सड़क पर गिराकर पीटा गया। घटना में जेई घायल हो गए।
सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एसडीओ अजय कुमार, जेई मुख्तार हुसैन और लाइनमैन बिजली मित्र से मिली शिकायत की जांच करने लोको रोड पहुंचे थे। टीम ने परिसर की जांच की तो वहां बिजली चोरी पकड़ी गई।
जेई के मुताबिक, वह बिजली चोरी से जुड़े सबूत जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान मकान मालिक और उसके बेटे ने गाली-गलौज शुरू कर दी और टीम के साथ हाथापाई करने लगे।जमीन पर गिराकर पीटा, सरकारी कागज छीनने का आरोप जेई मुख्तार हुसैन ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा। इस दौरान सरकारी कागजात भी छीन लिए गए। जेई के मुताबिक, मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और फ्रैक्चर होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि वह दिल के मरीज हैं। जेई ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिखाई दे रहा है कि जेई वहां से जाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोग पीछे से दौड़कर उन्हें पकड़ लेते हैं और जमीन पर गिराकर पैरों से मारते हैं। हालांकि, वीडियो में कुछ लोग बीच-बचाव करते हुए भी नजर आ रहे हैं। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम फतेहगढ़ कोतवाली पहुंची। पुलिस ने कर्मचारियों को मेडिकल जांच के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया। फतेहगढ़ थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






