राष्ट्र पटल संवाद
मथुरा। तहसील परिसर की पार्किंग में खड़ी एक बाइक में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के समय परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग समय रहते अन्य वाहनों तक नहीं फैली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दी गई, लेकिन कचहरी जैसे व्यस्ततम क्षेत्र में होने के बावजूद दमकल विभाग की टीम करीब आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया।आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल रिसाव के चलते आग भड़की हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आपात सेवाओं की त्वरित प्रतिक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि दमकल टीम समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। प्रशासन ने मामले की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।






