September 12, 2026

एम0ए0 खान

रायबरेली ( राष्ट्र पटल)। मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिक मऊ गांव से एक बेहद दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है। खेलते समय दो नाबालिग बच्चे—भाई और बहन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। जिसमें निखिल 8 और नित्या की उम्र 3 वर्ष बताई गई है। दोनों के एक साथ गायब होने से आसपास के इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बच्चों के पिता राम सुमिरन के अनुसार, दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, मगर जब कोई सुराग नहीं मिला तो मिल एरिया पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घोसियाना पुल के पास सीसीटीवी कैमरे में दोनों साइकिल पर जाते हुए दिख रहे हैं। उसके बाद की लोकेशन नहीं है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे नाबालिग जरूर हैं, लेकिन समझदार हैं। ऐसे में बच्चों के लापता होने से पूरे क्षेत्र में गहरी चिंता है। हर कोई उनकी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहा है। यदि किसी को बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत मिल एरिया थाना या नजदीकी पुलिस चौकी को सूचित करें। आपकी छोटी-सी जानकारी भी दो मासूम जिंदगियों को उनके परिवार से मिलाने में मददगार साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *