
राष्ट्र पटल संवाद
ताखा (इटावा)। तहसील मुख्यालय पर आज शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में उस समय प्रशासनिक संवेदनशीलता देखने को मिली, जब एक बेबस महिला अपने कैंसर पीड़ित भाई के इलाज और परिवार के भरण-पोषण की गुहार लेकर अधिकारियों के सामने पहुँची। महिला की दर्दभरी दास्ताँ सुनकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही पीड़ित परिवार का अंत्योदय राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
शनिवार को ताखा तहसील परिसर में सीडीओ अजय गौतम और उपजिलाधिकारी श्वेता मिश्रा फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी बीच नगला चतुर (कुदरैल) की रहने वाली रैनू नाम की महिला अधिकारियों के समक्ष पेश हुई। उसने रोते हुए अपने भाई राकेश सिंह की गंभीर बीमारी (कैंसर) और घर की अत्यंत दयनीय आर्थिक स्थिति का हवाला दिया। महिला ने बताया कि भारी खर्च के कारण भाई का इलाज कराना और परिवार का पेट पालना मुश्किल हो गया है, इसलिए उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड की सख्त जरूरत है।
पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति और बीमारी के भारी खर्च को देखते हुए सीडीओ अजय गौतम का दिल पसीज गया। उन्होंने बिना देरी किए मौके पर ही बीडीओ ताखा को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार की तत्काल हर संभव मदद की जाए और जल्द से जल्द उनका अंत्योदय राशन कार्ड तैयार कराया जाए।
समाधान दिवस के दौरान कुदरैल निवासी नवीन कुमार ने अपने गांव में लंबे समय से खराब पड़े वाटर कूलर को ठीक कराने की मांग उठाई। इस दौरान कुल 11 शिकायतें दर्ज की गईं। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी





