IMG-20260521-WA0360

जिलाधिकारी के तीखे तेवर से अधिकारियों में हड़कंप

राष्ट्र पटल संवाद

औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनता दर्शन, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त संदर्भों के निस्तारण की कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्राप्त संदर्भों के संबंध में आवेदक से वार्ता कर उसका मंतव्य ले जिससे संदर्भ निस्तारण में सुलभता हो और संदर्भ के सापेक्ष स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर दोनों पक्षों को बुलाकर गुण- दोष के आधार पर प्रकरण का निस्तारण करें।

निस्तारण के उपरांत निस्तारण की विस्तृत व्याख्या में स्थान, दोनों पक्षकारों के नाम व मोबाइल नंबर अंकित करते हुए निरीक्षण की जीपीएस लोकेशन वाली फोटोग्राफ सहित आख्या अपलोड की जाए।

जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान प्राप्त संदर्भों के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण न होने तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर उपायुक्त वाणिज्य कर, जिला खनन अधिकारी तथा सचिव मंडी परिषद के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाये जाने के साथ-साथ कारण बताओं नोटिस जारी किए जाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उप निदेशक मंडी (निर्माण) के स्वयं आगामी बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए साथ उन्होंने ऐसे विभागाध्यक्ष/कार्यालयाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए जिन्हें प्राप्त संदर्भों के निस्तारण में 80 प्रतिशत से कम संतुष्टि फीडबैक आवेदक द्वारा दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को प्राप्त संदर्भों का भी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें साथ ही उनकी समीक्षा भी करें। जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को विस्तार पूर्वक सुने तथा यथा- सम्भव त्वरित निस्तारण भी करायें उक्त के अतिरिक्त जनता दर्शन में प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर भी अपलोड कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/ रा0) अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी( न्यायिक) नीरज प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार ,अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद/ नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *