IMG-20260521-WA0376

55 अपराधियों पर गुण्डा एक्ट तथा 351 के विरूद्ध 110जी की कार्यवाही हुई : एसएसपी

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होम गार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं सीएम डैशबोर्ड की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में की गई।

व्यवस्था की समीक्षा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि जनसुनवाई नियमित हो रही है एवं प्रदेश में जनपद इटावा नंबर एक पर है। जिसपर मंत्री जी द्वारा कहा गया कि जिस क्षेत्र से अधिक शिकायत प्राप्त हो वहां के सीओ की अलग से बैठक कर बताया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि 18 मई को ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत इटावा पुलिस द्वारा 206 अभियोगों में 5774.822 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों (गांजा, चरस, हेरोईन, स्मैक, डोडा व अन्य नशीले पदार्थ) अनुमानित बाजारू कीमत- 11 करोड़ 45 लाख 69 हजार का विनिष्टीकरण/निस्तारण किया गया। साथ ही अब तक समाज में भय व्याप्त करने वाले 55 अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध गुण्डा एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी तथा 351 व्यक्तियों के विरूद्ध 129 BNSS (110जी) के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी तथा इस वर्ष 06 अभ्यस्थ अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गयी। कुल 05 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया तथा फेक करेंसी व्यापार में संलिप्त 06 अभियुक्तों का गैंग पंजीकरण कर निगरानी की जा रही है।गिरफ्तारी के क्रम में कुल 31 अपराधियों के पुलिस मुठभेड में गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुठभेड के दौरान आत्मरक्षा में 20 अभियुक्त पुलिस की गोली लगने से घायल हुए।

उन्होंने बताया कि वर्ष-2026 में वाहन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए 21 अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के सदस्यों को इटावा पुलिस द्वारा किया गया। 157 ट्रक डंपर पर सीज की कार्यवाही हुई जबकि 188 ओवरलोड डंपर ट्रक का चालान कर शमन शुल्क वसूला गया।

उक्त के पश्चात विकास कार्यों की समीक्षा की गई जिसमें जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद द्वारा बताया गया कि एक जनपद एक नदी योजनान्तर्गत चयनित नदी सिरसा का पुनरोद्धार किया जाएगा। मंत्री जी ने कहा कि वर्षा से पहले जल संरक्षण का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा से पहले सभी तालाबो की सफाई की जाए और जो तालाब सूखे है उनपर माटीमाला से अभियान चलाकर मिट्टी निकाली जाए। उन्होंने कहा कि फिल्टर चैंबर का प्रचार प्रसार किया जाए।

उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में कहा कि मॉडल स्कूल अवश्य बनाए जाएं। सभी स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए एवं प्रत्येक थाने में मटके रखवाए जाएं। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा पक्षियों के लिए पानी अवश्य रखा जाए। टैबलेट एवं स्मार्ट फोन वितरण किए गए।

उन्होंने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सरकारी पेंशनों जैसे वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान योजना आदि से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में हर घर नल का कार्य पूर्ण किया जाए साथ ही उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में पानी की व्यवस्था सभी जगह हो। उन्होंने सभी अधिकारी से कहा कि पब्लिक के फोन को अवश्य उठाया जाए साथ ही कहा कि पब्लिक के कार्य का निस्तारण त्वरित किया जाए। सार्थक सोच के साथ कार्य किया जाए एवं तहसील वार लेखपालो कि बैठक ली जाए।

उक्त बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष बी0जे0पी0 अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *