
राष्ट्र पटल संवाद
जसवंतनगर (इटावा)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने की। इसमें मुस्लिम समाज के गणमान्य लोग, धर्मगुरु और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
बैठक में सीओ आयुषी सिंह ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज अदा न की जाए और खुले स्थानों पर कुर्बानी न दी जाए। साथ ही कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को निर्धारित तरीके से जमीन में दफन कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शासन और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सीओ ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और हर उपद्रवी तत्व पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाएं।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।






